बलौदा बाजार

महंगाई से त्रस्त है जनता- कांग्रेस
17-May-2026 9:48 PM
महंगाई से त्रस्त है जनता- कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 मई। जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार की अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे के नेतृत्व में महंगाई, ईंधन संकट और प्रधानमंत्री की अपीलों को लेकर जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम विधानसभा के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।

पत्रकार वार्ता में विकास उपाध्याय ने कहा कि पिछले दो महीनों से डीजल, पेट्रोल और गैस की उपलब्धता तथा महंगाई की स्थिति से आम लोग प्रभावित हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को उर्वरक का कम उपयोग करने, लोगों को वर्क फ्रॉम होम अपनाने, खाद्य तेल और गैस का सीमित उपयोग करने तथा सोना और विदेश यात्रा से बचने संबंधी अपीलों की आलोचना की। उन्होंने कहा-प्रधानमंत्री की अपील देशवासियों के जख्मों पर नमक छिडक़ने जैसी है, महंगाई से जनता त्रस्त है।

उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, जबकि अब तक केवल 51 हजार मीट्रिक टन उर्वरक ही सोसायटियों तक पहुंचा है। उनके अनुसार, इससे किसानों को परेशानी हो रही है।

उपाध्याय ने वर्ष 2013 और 2026 के बीच विभिन्न वस्तुओं की कीमतों की तुलना करते हुए कहा कि आटा, रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और सोने की कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोलियम उत्पादों पर करों के कारण आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अपेक्षित राहत नहीं मिली। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश यात्राओं और खर्चों को लेकर भी सवाल उठाए।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण आम लोगों की बचत प्रभावित हुई है और परिवारों पर कर्ज का बोझ बढ़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम कर राहत देने की मांग की।

पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर, परमेश्वर यदु, राकेश वर्मा, विक्रम पटेल, रामकुमार साहू, आर्यन शुक्ला, जितेंद्र नवरत्न, सिद्धांत मिश्रा, दीपक साहू, सुरेंद्र जायसवाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट