बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 मई। बलौदाबाजार नगर के गौरव पथ स्थित शनि मंदिर में शनि जयंती का आयोजन किया गया। इस वर्ष शनि जयंती, ज्येष्ठ अमावस्या और वट सावित्री व्रत एक ही दिन पडऩे के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
वट सावित्री व्रत के अवसर पर महिलाओं ने बरगद के वृक्ष की पूजा कर परिक्रमा की और सत्यवान-सावित्री की कथा सुनी। वहीं शनि मंदिर में सुबह 5 बजे आरती के साथ पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। मंदिर को रंग-रोगन, फूलों और लाइटों से सजाया गया था।
मंदिर समिति के अनुसार पूजा, हवन और तैलाभिषेक की व्यवस्था पहले से की गई थी। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में पहुंचने लगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शनैश्चरी अमावस्या पर शनि देव की पूजा और तैलाभिषेक को विशेष महत्व दिया जाता है। श्रद्धालुओं ने तिल का तेल, काले तिल और अन्य सामग्री अर्पित की।
पूजा कार्यक्रम के तहत गौरी-गणेश पूजन, कलश पूजन, वेदी पूजन, नवग्रह पूजन, षोडश मातृका एवं घृत मातृका पूजन किया गया। इसके बाद शनि देव का पंचामृत और तेल से अभिषेक किया गया तथा नए वस्त्र और मुकुट अर्पित किए गए। हवन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान भंडारा, प्रसाद और शर्बत वितरण किया गया। आयोजन में अनिल गुप्ता, मनोज केडिय़ा, सतीश जायसवाल, पंकज साहू, बुधराम अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।
शनि मंदिर समिति की ओर से मोहन साहू, माखन वर्मा, अजय अग्रवाल, लखेश साहू, राजेंद्र सोनी, अनिल साहू, बिल्लू केडिय़ा, रिखी वर्मा, जगत साहू और गिरवर वैष्णव सहित अन्य लोगों ने पूजा और भंडारा व्यवस्था में सहयोग किया।
स्थानीय समूहों द्वारा भजन, शनि चालीसा पाठ और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।


