बलौदा बाजार

न्यायाधीश आवास में चोरी की कोशिश, एक गिरफ्तार
17-May-2026 12:12 AM
न्यायाधीश आवास में चोरी की कोशिश, एक गिरफ्तार

कार में तोडफ़ोड़, डिस्प्ले सिस्टम निकालने का प्रयास

बलौदाबाजार, 16 मई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात गोरधा क्षेत्र स्थित व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश आवास में अज्ञात लोगों द्वारा चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में परिसर में खड़ी एक कार को नुकसान पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 14 और 15 मई की दरम्यानी रात की है। अज्ञात लोग न्यायाधीश आवास की चारदीवारी पार कर परिसर में दाखिल हुए। परिसर में गैरेज में खड़ी ब्रेजा कार क्रमांक सीजी 10 बीके 4256 के बाएं दरवाजे का कांच तोड़ा गया और उसमें लगे ऑडियो-वीडियो डिस्प्ले सिस्टम को निकालने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने बताया कि सिस्टम नहीं निकलने पर कार में तोडफ़ोड़ की गई।

 घटना के दौरान परिसर में लगे वाहन सेंसर के सक्रिय होने और आवाज सुनाई देने पर न्यायाधीश ने कर्मचारियों को सूचना दी। कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो संबंधित लोग चारदीवारी कूदकर वहां से चले गए।

शिकायत के अनुसार परिसर में लगी एक स्ट्रीट लाइट और दो पपीते के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटनास्थल पर एक जोड़ी चप्पल मिलने की जानकारी भी सामने आई है।

व्यवहार न्यायालय के नाजिर की शिकायत पर कसडोल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।


अन्य पोस्ट