बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 मई। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार एवं आगामी राजनीतिक रणनीति को मजबूती देते हुए रितेश श्रीवास्तव को भाजपा जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय के अनुमोदन उपरांत जिला कोर ग्रुप की सहमति से की गई।
जिला भाजपा कार्यालय, बलौदाबाजार में आयोजित जिला कार्यसमिति बैठक के पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव ने वरिष्ठ नेताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में रितेश श्रीवास्तव की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की। घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं प्रदेश कोर ग्रुप सदस्य गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अजय राव, अदिति बघमार, राकेश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी एवं विजय यादव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वरिष्ठ नेताओं ने रितेश श्रीवास्तव को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। भाजपा संगठन द्वारा उन्हें संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान को गति देने, युवाओं एवं नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोडऩे तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि रितेश श्रीवास्तव पूर्व में भी संगठन के विभिन्न दायित्वों का सक्रियता एवं समर्पण के साथ निर्वहन कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति को भाजपा संगठन में युवा नेतृत्व को प्रोत्साहन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला भाजपा नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया है कि रितेश श्रीवास्तव अपनी कार्यक्षमता, संगठन कौशल एवं सक्रिय जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।


