बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 10 मई। रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों के साथ भाटापारा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान इंद्र साव ने उनसे मुलाकात कर रेल यात्री सुविधाओं से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में विधायक इंद्र साव ने कहा कि भाटापारा रेलवे स्टेशन बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के साथ-साथ मुंगेली, बेमेतरा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र कई औद्योगिक इकाइयों और सीमेंट कारखानों से जुड़ा हुआ है, जिससे यात्रियों की संख्या अधिक रहती है।
ज्ञापन में रेलवे स्टेशन और यात्री सुविधाओं से संबंधित कई मांगें शामिल की गईं। इनमें हटरी बाजार एलसी गेट स्थित आरयूबी सडक़ का डामरीकरण और प्रकाश व्यवस्था, अमृत भारत स्टेशन निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करना तथा कई ट्रेनों का भाटापारा स्टेशन में ठहराव शामिल है।
विधायक ने वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कुछ प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की। साथ ही रायपुर-बिलासपुर सेक्शन में अतिरिक्त लोकल ट्रेनों का संचालन, बिलासपुर-येलहंका एक्सप्रेस को पुन: प्रारंभ करने और सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस का विस्तार बिलासपुर तक करने का सुझाव भी दिया।
ज्ञापन में प्लेटफॉर्म पर बैठने की व्यवस्था, ठंडे पेयजल की सुविधा, प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 में मिस्ट कूलिंग सिस्टम, प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर डाउन ट्रेनों का संचालन, ऑटो स्टैंड, रेलवे कॉलोनी की ओर टिकट घर तथा लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल रही।
रेलवे महाप्रबंधक ने मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान रेलवे अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।


