बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 9 मई। पलारी तहसील के महानदी स्थित अमेठी एनीकट क्षेत्र में किसान सबमर्सिबल पंप की मदद से सिंचाई कर रहे हैं। स्थानीय किसानों के अनुसार, एनीकट क्षेत्र में गड्ढे खोदकर उनमें पंप लगाए गए हैं, जिनसे आसपास के खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। किसानों का दावा है कि इससे लगभग 300 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई हो रही है।
ज्ञात हो कि पलारी नगर पंचायत के लिए जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया था। लेकिन महानदी में पानी नहीं होने के कारण योजना फेल हो गई।
स्थानीय किसानों का कहना है कि उन्होंने सामूहिक प्रयास से गड्ढे खोदकर उनमें सबमर्सिबल पंप लगाए और पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया। किसानों के अनुसार, इस व्यवस्था से धान की फसल की सिंचाई की जा रही है।
कुछ किसानों ने दावा किया कि जहां सरकारी योजना से अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, वहीं स्थानीय स्तर पर किए गए प्रयासों से सिंचाई संभव हुई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। किसानों का कहना है कि उन्होंने अपने अनुभव के आधार पर पानी उपलब्ध होने वाले स्थानों पर गड्ढे खोदे और वहां से सिंचाई की व्यवस्था की। किसानों का कहना है कि यह कार्य सामूहिक सहयोग से किया गया।


