बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 9 मई। साइबर ठगी से जुड़े मामलों में पुलिस ने दो म्यूल अकाउंट धारक लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में जयप्रकाश श्रीवास और शशि कुमार धृतलहरे को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच में दोनों के बैंक खातों में बड़े पैमाने पर संदिग्ध लेनदेन पाए गए। आरोप है कि इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से संबंधित रकम के ट्रांजैक्शन के लिए किया जा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि जयप्रकाश श्रीवास के डीसीबी बैंक खाते में लगभग 1 करोड़ तथा शशि कुमार धृतलहरे के एचडीएफसी बैंक खाते में लगभग 34 लाख के लेनदेन दर्ज हुए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कथित तौर पर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और केवाईसी दस्तावेज अन्य लोगों को उपलब्ध कराए थे। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र से प्राप्त शिकायतों के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 381/2025 और 383/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66सी के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
साइबर मामलों के जानकारों के अनुसार, म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खातों को कहा जाता है जिनका उपयोग ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता है। हालांकि, मामले में किसी बड़े नेटवर्क या अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


