बलौदा बाजार
भाटापारा, 8 मई। नगर पालिका परिषद भाटापारा क्षेत्र के स्टेशन वार्ड स्थित स्टेडियम (सर्कस मैदान) के जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 05 लाख 96 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। यह स्वीकृति संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदान की गई है। नगर पालिका परिषद के अनुसार, स्वीकृत राशि से स्टेडियम के बुनियादी ढांचे के विकास और खेल सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे। लंबे समय से स्टेडियम के उन्नयन की मांग की जा रही थी। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि शहर के युवाओं और खिलाडिय़ों के लिए खेल सुविधाओं का विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता का ध्यान रखा जाएगा।
अध्यक्ष ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बृजमोहन अग्रवाल तथा शिवरतन शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। नगर पालिका परिषद के अनुसार, स्टेडियम विकास कार्य पूरा होने के बाद खिलाडिय़ों को अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।