बलौदा बाजार

सुशासन तिहार: जनसमस्या निवारण शिविर में 234 आवेदन
08-May-2026 4:14 PM
सुशासन तिहार: जनसमस्या निवारण शिविर में 234 आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 8 मई। सुशासन तिहार 2026 के तहत नगर पालिका परिषद में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन शामिल हुए। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपस्थित नागरिकों से चर्चा की।

शिविर में वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 4, 5, 6 और 21 के निवासियों से मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन प्राप्त किए गए। प्रशासन के अनुसार, कुल 234 आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुछ हितग्राहियों को आवास की चाबी, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र तथा स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षा सामग्री प्रदान की गई।

कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि लोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए। नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने शिविर की जानकारी दी। कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी प्रकाश चंद्र कोरी, पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र माहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड वितरण, लोक सेवा गारंटी से जुड़े प्रमाण पत्र और स्वच्छता संबंधी सामग्री वितरित की गई।

मिशन क्लीन सिटी के तहत कुछ स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुछ हितग्राहियों को गृह प्रवेश के लिए चाबी और भवन नक्शा वितरित किया गया।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत भी हितग्राहियों को लाभ प्रदान किए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, एनआईसी और अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। प्रशासन के अनुसार, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और महतारी वंदन योजना से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।


अन्य पोस्ट