बलौदा बाजार

भाटापारा में सुशासन तिहार, हितग्राही हुए लाभान्वित
08-May-2026 3:40 PM
भाटापारा में सुशासन तिहार, हितग्राही हुए लाभान्वित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 8 मई। नगर भवन भाटापारा में सुशासन तिहार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा तथा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुछ हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए। इसके अलावा पात्र नागरिकों को राशन कार्ड भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों को संबंधित मामलों के निराकरण के निर्देश दिए गए। नगर पालिका परिषद भाटापारा के अनुसार, कार्यक्रम के लिए हितग्राहियों के पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और वितरण की व्यवस्था की गई थी। कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सुशासन तिहार जैसे आयोजनों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर गरीब परिवार को पक्का आवास, खाद्य सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास एवं जनकल्याण को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है और जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश रात्रे, मोहन बांधे, सभापति संतीश तलरेजा, गोविंद पटेल, मनीष मिश्रा, दीपा साहू, कुंजराम कोशले, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश मंत्री आशीष जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष सुनील यदु, मंडल अध्यक्ष योगेश अनंत, महाबल बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट