बलौदा बाजार
नए एसपी की समीक्षा बैठक, अफसरों को दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 5 मई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभालने के बाद ओम प्रकाश शर्मा ने रविवार को पुलिस कार्यालय में समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को विभिन्न बिंदुओं पर निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से क्षेत्र में सक्रिय रहने और नियमित रूप से फील्ड में उपस्थित रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और शिकायतों को लंबित न रखा जाए। कार्रवाई में देरी या लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को असामाजिक तत्वों तथा अवैध गतिविधियों जैसे शराब, जुआ और सट्टा पर निगरानी रखने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था और ओवरलोड वाहनों के संबंध में भी चर्चा हुई। रेत परिवहन में लगे वाहनों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सडक़ दुर्घटनाओं और धरना-प्रदर्शन की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचने और व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देने की बात कही। इसके अलावा सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों के निराकरण पर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


