बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 3 मई। रिंगनी रेलवे फाटक के पास 1 मई 2026 को एक युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अपहृत युवक को बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, एक मई की शाम करीब 5.52 बजे आर.एस. इंफ्रा कंपनी में कार्यरत सुपरवाइजर शैनू शेख अपने कार्यस्थल पर था। इसी दौरान स्कॉर्पियो से पहुंचे कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर थाना हथबंद में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान थाना हथबंद और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन के संबंध में उपलब्ध जानकारी, मार्ग और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की। कार्रवाई के दौरान टीम मध्यप्रदेश तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के करंजिया क्षेत्र में चार आरोपियों को पकड़ा गया और अपहृत युवक को उनके कब्जे से मुक्त कराया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। इस संबंध में पुलिस द्वारा जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में ओम नारायण पांडेय , अभिषेक श्याम, योगीराज परस्ते उर्फ राहुल तीनों निवासी करंजिया, जिला डिंडोरी मध्यप्रदेश, अजय यादव अनूपपुर, मध्यप्रदेश हैं।
एसडीओपी बलौदाबाजार अपूर्व क्षत्रिय के अनुसार, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।


