बलौदा बाजार

रिकॉर्डतोड़ गर्मी, झुलसा बलौदाबाजार
02-May-2026 8:53 PM
रिकॉर्डतोड़ गर्मी, झुलसा बलौदाबाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 2 मई। इस वर्ष अप्रैल के दौरान जिले में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 30 दिनों में से 16 दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा।

माह के दौरान लगभग 10 दिनों तक लू की स्थिति बनी रही। सामान्यत: अप्रैल में जिले का औसत तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रहता है, जबकि इस बार तापमान अधिक रहा। एक दिन अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जिसे मौसम वैज्ञानिकों ने पिछले कई वर्षों के उच्च स्तरों में शामिल बताया है।

विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में वृद्धि के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें अल नीनो का प्रभाव, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से आने वाली गर्म हवाएं तथा एंटी साइक्लोन प्रणाली का सक्रिय रहना शामिल है। इसके कारण नमी कम रही और बारिश या आंधी की स्थिति नहीं बनी।

जिला अस्पताल में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और लू से संबंधित मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार मई माह में तापमान और बढ़ सकता है। कुछ स्थानों पर आंधी या हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि इससे तापमान में अधिक कमी की संभावना नहीं है।

विशेषज्ञों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में बढ़ते निर्माण के कारण स्थानीय स्तर पर तापमान में वृद्धि का प्रभाव भी देखा जा रहा है।


अन्य पोस्ट