बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 1 मई। नगर पालिका परिषद भाटापारा के कार्यालय में अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में दो बैठकों का आयोजन किया गया। पहली बैठक प्रात: 11 बजे से 1 बजे तक पीआईसी की हुई, जबकि दूसरी बैठक दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक सामान्य सभा की आयोजित की गई। इन बैठकों में नगर विकास, जन-सुविधाओं और अन्य विषयों पर निर्णय लिए गए।
महिला आरक्षण बिल लोस में पारित न होने पर निंदा प्रस्ताव पारित
बैठक में 131वें संविधान संशोधन विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023) के लोकसभा में पारित न होने के मुद्दे पर चर्चा की गई। इस संबंध में परिषद द्वारा बहुमत से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट
परिषद के समक्ष 15 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट में बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, पेयजल और जन-सुविधाओं से जुड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं।
पेयजल और जल प्रबंधन से जुड़े निर्णय
15वें वित्त आयोग के अंतर्गत संत रविदास वार्ड (वार्ड क्रमांक 21) में आरसीसी पानी टंकी निर्माण के लिए 152.25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा ग्रीष्म ऋतु में पेयजल व्यवस्था के लिए 70 लाख रुपये की कार्ययोजना जिला खनिज संस्थान न्यास को भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया।
स्वच्छता और सौंदर्यीकरण
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 के तहत कार्यों के लिए 157.37 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई।
पटपर तालाब और अवेरेठी तालाब के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए निविदाओं को मंजूरी दी गई।
नगर व्यवस्था और अन्य विषय
नगर में सफाई और अन्य सेवाओं के लिए प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से 151 कर्मचारियों की नियुक्ति हेतु निविदा आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
गजानंद अग्रवाल महाविद्यालय के ऑडिटोरियम के उपयोग और प्रबंधन पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नए मुख्य नगर पालिका अधिकारी का परिचय कराया गया।
अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसे विषय पर परिषद का यह निर्णय महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बजट और अन्य निर्णयों के माध्यम से नगर में सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।


