बलौदा बाजार
अज्ञात तत्वों द्वारा जानबूझकर क्षति पहुंचाई गई थी- पालिकाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 मई। नगर पालिका द्वारा किए गए चौक सौंदर्यीकरण कार्य में स्थापित मूर्तियों की गुणवत्ता को लेकर कराई गई जांच में कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप बताया गया है।
नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश पर तीन सदस्यीय समिति द्वारा इस मामले की जांच की गई थी। जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि गार्डन चौक से षष्ठी मंदिर तक किए गए सौंदर्यीकरण कार्य के तहत स्थापित मूर्तियां एफआरपी सामग्री से निर्मित थीं और उनका निर्माण प्राक्कलन के अनुसार किया गया था।
जांच में यह भी उल्लेख किया गया है कि षष्ठी मंदिर के सामने स्थित चौक और वार्ड क्रमांक 2 में भारत माता की मूर्ति के साथ स्थापित अन्य मूर्तियों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया। इस संबंध में स्थानीय सिटी कोतवाली में सूचना दी गई थी। नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि मूर्तियों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद जांच कराई गई, जिसमें निर्माण कार्य को मानकों के अनुरूप पाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि नगर में सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की क्षति रोकने के लिए नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है।
इस मामले में क्षति पहुंचाने वाले व्यक्तियों की पहचान और आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।


