बलौदा बाजार

जनगणना: सुपरवाइजर-प्रगणकों का प्रशिक्षण पूर्ण, फील्ड में जाकर जानकारी जुटाएंगे
27-Apr-2026 6:22 PM
जनगणना: सुपरवाइजर-प्रगणकों का प्रशिक्षण पूर्ण, फील्ड में जाकर जानकारी जुटाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 27 अप्रैल। भारत सरकार गृह मंत्रालय जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा दिए गए निर्देशानुसार नगरी निकाय क्षेत्र में 1 मई से 30 मई  तक जनगणना किया जाना है। इस हेतु नगर पालिका में सुपरवाइजर एवं प्रगणकों का प्रशिक्षण पूर्ण किया गया।

 कार्यालय में फील्ड में जाने के पूर्व दो चरणों में प्रशिक्षण दिया गया, 18 से 20 अप्रैल को प्रथम चरण में लगभग 40 प्रगणकों व सुपरवाइजर के प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात द्वितीय चरण के सुपरवाइजर एवं प्रगणकों का 22 से 24 अप्रैल तक प्रशिक्षण पूर्ण कराया गया।

 प्रशिक्षण का स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी प्रकाश चन्द्र कोरी, तहसीलदार निवेश कुरेटी, विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार टंडन के द्वारा निरीक्षण कर प्रशिक्षण अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया गया।

नगरीय निकाय क्षेत्र में जनगणना कार्य के चार्ज अधिकारी आशीष तिवारी के द्वारा प्रशिक्षण के संबंध में दिशा निर्देश देते हुए निरीक्षण कर प्रशिक्षण का कार्य निरंतर कराया गया।

भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत नागरिकों द्वारा अपने स्वयं का स्व गणना भी कर सकते हैं इसके लिए मोबाईल अथवा लेपटॉप कम्प्यूटर में लिंक के माध्यम से 16 से 30 अप्रैल तक इसके पश्चात फील्ड में मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना के लिए  1 मई से 30 मई तक तिथि निर्धारित की गई है।

जनगणना कार्य के अंतर्गत नगर में सर्वप्रथम मकान के सूचीकरण व गणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। जिसमें क्रमश: 33 बिंदुओं पर मकान मालिकों को जानकारी उपलब्ध कराया जाना है, जिसमें कच्चे पक्के मकान मकान का स्वरूप, पेयजल की स्थिति, किचन की स्थिति, शौचालय की स्थिति, वाहन,मोबाइल, अनाज, ईंधन, प्रकाश का स्रोत ,वह अन्य जानकारियां संग्रहित की जावेगी उक्त जानकारी जनगणना लिपिक अमित वर्मा ने देते हुए बताया कि नगर में जनगणना के दौरान प्रगणकों व सुपरवाइजर को उक्त जानकारी सही आंकड़ों के साथ उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें, जिससे कि शासन को दिए गए जानकारी सही ढंग से प्रेषित की जा सके। साथ ही दी गई जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखे जाने के साथ- साथ शासन को आवश्यक योजनाओं व सुविधाओ के लिए उपलब्ध कराया जाना है।


अन्य पोस्ट