बलौदा बाजार

हर -घर जल के बेहतर संचालन के लिए ग्रामीण परिवारों ने बढ़ाई भागीदारी
27-Apr-2026 3:32 PM
हर -घर जल के बेहतर संचालन के लिए ग्रामीण परिवारों ने बढ़ाई भागीदारी

स्वैच्छिक योगदान से अब तक साढ़े 22 लाख जल कर संग्रहित

 पाइपलाइन की त्वरित मरम्मत व जलापूर्ति प्रणाली के नियमित रख-रखाव में होग़ा उपयोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 27 अप्रैल। जिले जल जीवन मिशन अंतर्गत हर -घर नल से जल के बेहतर संचालन के लिये ग्रामीण परिवारों में जागरूकता बढ़ी है जिससे वे स्वयं आगे बढक़र जल कर क़ी राशि जमा कर रहे है।

ग्रामीण परिवारों द्वारा जल कर का नियमित, स्वैच्छिक एवं उत्साहपूर्ण योगदान इस बात का प्रमाण है कि समुदाय अब जल प्रबंधन में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में हर- घर जल के बेहतर प्रबंधन व संचालन हेतु ग्राम पंचायतों को जिम्मेदारी दी गई है। जनभागीदारी के फलस्वरूप अब तक कुल 22 लाख 57 हजार 415 की राशि संकलित की जा चुकी है। इस राशि का उपयोग नल एवं पाइपलाइन की त्वरित मरम्मत, जल आपूर्ति प्रणाली के नियमित रख-रखाव एवं उन्नयन तथा जल संरक्षण एवं संवर्धन के स्थायी कार्यों में किया जा रहा है। विकासखंड भाटापारा के 54 ग्राम पंचायतों से 4,32,580, कसडोल के 116 ग्राम पंचायतों से 92,430, सिमगा के 86 ग्राम पंचायतों से 1,43,620, पलारी के 102 ग्राम पंचायतों से 13,57,215 तथा बलौदाबाजार के 78 ग्राम पंचायतों से 2,31,550 राशि संग्रहित किया गया है। प्रति ग्राम पंचायत 60 रुपए प्रति माह जलकर निर्धारित किया गया है।

इस पहल से गांवों में ‘अपना जल, अपनी जिम्मेदारी’ की भावना विकसित हुई है। साथ ही जल के दुरुपयोग पर ग्राम पंचायत द्वारा आर्थिक दंड एवं जागरूकता के माध्यम से अनुशासन सुनिश्चित किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट