बलौदा बाजार

दुकानों का संचालन महिलाओं के नाम पर, काम पुरुष कर रहे
26-Apr-2026 7:08 PM
दुकानों का संचालन महिलाओं के नाम पर, काम पुरुष कर रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 26 अप्रैल। जिले में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सहकारी उचित मूल्य दुकानों का संचालन महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है। इस योजना का मुख्य मकसद महिलाओं को रोजगार के अवसर देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

हालांकि, कई गांवों में इस योजना का क्रियान्वयन अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो पा रहा है। दुकानों का संचालन भले ही महिलाओं के नाम पर हो, लेकिन वास्तविक कामकाज पुरुषों द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। सूत्रों अनुसार राशन वितरण, स्टॉक एंट्री, रजिस्टर और अन्य कार्यालयीन कार्यों में पुरुष सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इससे महिलाओं की भागीदारी सीमित होती नजर आ रही है। महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर शुरू की गई इस पहल में पुरुषों की बढ़ती भूमिका ने इसके मूल उद्देश्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि महिलाओं को वास्तविक जिम्मेदारी नहीं मिलती, तो योजना का प्रभाव भी सीमित रह जाएगा।

प्रशासन ने लिया संज्ञान, निर्देश जारी करने की तैयारी

मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। संबंधित अधिकारियों द्वारा जल्द ही स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने की बात कही जा रही है, ताकि योजना का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उचित मूल्य दुकानों का संचालन केवल महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा ही किया जाना चाहिए।

नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित समूहों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या प्रशासनिक सख्ती से जमीनी स्तर पर सुधार होगा या फिर यह योजना कागजों तक ही सीमित रह जाएगी।


अन्य पोस्ट