बलौदा बाजार

सत्संग से विवेक जागृत होता है-राजेंद्र महाराज
24-Apr-2026 5:28 PM
सत्संग से विवेक जागृत होता है-राजेंद्र महाराज

अहिल्दा में श्रीमद् भागवत कथा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 24 अप्रैल। जिले के ग्राम अहिल्दा में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के चौथे दिन आचार्य राजेंद्र महाराज ने श्री कृष्ण प्राकट्य प्रसंग का वर्णन किया।

आचार्य ने कहा कि भागवत एक आध्यात्म दीप है। भगवत प्राप्ति की पहली सीढ़ी सत्संग है सत्संग से विवेक जागृत होता है और मनुष्य में आस्था विकसित होती है।

उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि धर्म की हानि होने पर भगवान अवतार लेते हैं। उन्होंने मनुष्य जीवन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसी जीवन में मोक्ष की कामना संभव है।

आचार्य ने श्री कृष्ण के अवतार और उनसे जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने कालिय नाग, धेनुकासुर और भौमासुर से संबंधित कथाओं का वर्णन करते हुए उन्हें प्रतीकात्मक रूप में धर्म और समाज की रक्षा से जोड़ा।

वामन अवतार के प्रसंग में उन्होंने कहा कि दान और समर्पण का विशेष महत्व है। राजा बलि के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने उनके त्याग और दान की चर्चा की।

कथा के दौरान राम चरित्र का भी उल्लेख किया गया। आचार्य ने कहा कि राम के आदर्शों को अपनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजक संतोषी राम प्रसाद साहू ने लोगों से कथा श्रवण में शामिल होने की अपील की।


अन्य पोस्ट