बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 24 अप्रैल। अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव के तहत शहर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा विप्र वाटिका गार्डन चौक में पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा बजरंग चौक हनुमान मंदिर से शुरू होकर गांधी चौक और नेहरू चौक होते हुए शहर का भ्रमण कर पुन: विप्र वाटिका पहुंची। यात्रा में सीता स्वयंवर और भगवान परशुराम से संबंधित झांकियां शामिल थीं। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
विप्र वाटिका में पहुंचने पर महिलाओं द्वारा आरती कर स्वागत किया गया। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष श्याम शुक्ला ने वार्षिक बजट प्रस्तुत किया और जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
महिला विप्र समाज की अध्यक्ष ऋचा राजेश द्विवेदी ने अपने संबोधन में समाज के लोगों से भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने की बात कही। पं. सुरेंद्र शर्मा ने भगवान परशुराम के विचारों का उल्लेख करते हुए वर्तमान सामाजिक संदर्भों पर चर्चा की। युवा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष नितेश शर्मा ने युवाओं से धर्म और न्याय के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजकों द्वारा प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। महिला समाज की ओर से सक्रिय महिलाओं और प्रस्तुति देने वाली प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।