बलौदा बाजार

सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अंश की बलौदाबाजार में दर्शन को लेकर तैयारियां तेज
23-Apr-2026 10:00 PM
सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अंश की बलौदाबाजार में दर्शन को लेकर तैयारियां तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 23 अप्रैल। राजधानी रायपुर में रोटरी क्लब ऑफ रायपुर सुप्रीम द्वारा आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से सोमनाथ से आए पवित्र ज्योतिर्लिंग अंश की विधि-विधान से पूजन-अर्चना की गई। इस आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पंडितों के मार्गदर्शन में संकल्प लेकर भगवान शिव की आराधना की।

रोटरी क्लब ऑफ रायपुर सुप्रीम के अध्यक्ष एस.के. श्रीवास्तव और सचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि यह उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस पावन आयोजन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए इस तरह के धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

इधर, बलौदा बाजार में भी सोमनाथ मंदिर के शिवलिंग अंश के आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जानकारी के अनुसार, यह पवित्र शिवलिंग अंश 27 अप्रैल को बलौदा बाजार पहुंचेगा, जहां दशहरा मैदान स्थित यज्ञस्थली में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा जाएगा।

आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े आयोजकों के अनुसार, इस ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले आयोजन को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराए जा सकें।

 

आर्ट ऑफ लिविंग की जिला समन्वयक किरण वर्मा ने बताया कि लगभग एक हजार वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर पर महमूद गजनवी ने कई बार आक्रमण किए थे। उस दौरान अग्निहोत्री पंडितों ने शिवलिंग के अंश को सुरक्षित रखा और निरंतर उसकी पूजा-अर्चना करते रहे।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1924 में कांची के शंकराचार्य ने यह संकेत दिया था कि लगभग 100 वर्षों बाद यह पवित्र धरोहर ऐसे संत को सौंपी जाएगी, जिनके नाम में ‘शंकर’ होगा। उसी क्रम में यह शिवलिंग अंश गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी को प्राप्त हुआ, जिन्होंने लोककल्याण की भावना से इसे भक्तों के दर्शन हेतु विभिन्न स्थानों पर भेजना प्रारंभ किया है।

किरण वर्मा ने कहा कि 27 अप्रैल को इसका बलौदाबाजार आगमन होना क्षेत्र के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। इसको लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

आयोजन से जुड़े लोगों का मानना है कि यह अवसर क्षेत्र के लिए आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और इससे लोगों में धर्म एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। इस अवसर पर मोतीलाल वर्मा, अनामिका अग्रवाल, लता साहू, अंकित तिवारी, सुरेन्द्र वर्मा, प्यारेलाल सेन, डॉ. जे. एन. केसरवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।-


अन्य पोस्ट