बलौदा बाजार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी विकासखंड अंतर्गत गिधपुरी-पलारी मुख्य मार्ग पर ग्राम भवानीपुर के नाला के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रेत से भरी हाइवा और डीजल टैंकर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह था पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को डीजल टैंकर क्रमांक सीजी 04 एनएफ 7301 बलौदाबाजार स्थित ढाबाडीह पेट्रोल पंप से खाली होकर वापस लौट रही थी, वहीं रेत से भरी हाइवा क्रमांक सीजी 22 एजी 9200 गिधपुरी की ओर से आ रही थी। भवानीपुर नाला के पास दोनों वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही गिधपुरी थाना प्रभारी उनेस देशमुख अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान हरिशचंद्र पटेल 30 वर्ष, पिता रामचरण पटेल, निवासी गांधी ग्राम मंदिर हसौद एवं मुकेश टंडन 27 वर्ष, पिता भरत टंडन, निवासी ग्राम अकलतरा थाना ग्रामीण भाटापारा के रूप में हुई है।
कुछ समय के लिए मार्ग रहा अवरुद्ध
हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने जताई चिंता
स्थानीय ग्रामीणों ने इस मार्ग पर बढ़ते हादसों को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


