बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 22 अप्रैल। वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर की अध्यक्षता में सोमवार को वनमण्डल कार्यालय, बलौदाबाजार में प्राकृतिक संसाधनों का इंटीग्रेटेड लैंडस्केप लेवल प्लानिंग हेतु अंतर विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सीएसआर संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में क्षेत्रीय विकास, आजीविका संवर्धन तथा संसाधनों के समन्वित उपयोग पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा कार्यों के बारे में प्रस्तुतिकरण दिया गया जिसमें मानव वन्यजीव द्वंद्व प्रबंधन हेतु हल्दी, सरसों, मधुमक्खी पालन जैसे संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा पारंपरिक पौधों की पहचान एवं संरक्षण से संबंधित पहल प्रस्तुत की गई, जिस पर आगे कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन किए जाने पर सहमति बनी।
वनांचल क्षेत्र में आजीविका संवर्धन के अंतर्गत मधुमक्खी पालन, लाख उत्पादन एवं अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय को जोडऩे तथा किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष रूप से चर्चा की गई। विभागों के मध्य डेटा एकीकरण एवं जिला स्तर पर अभिसरण सेल के गठन के माध्यम से समन्वित कार्यप्रणाली विकसित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसके अतिरिक्त बंद खदान क्षेत्रों के उपयोग, जल संरक्षण, ग्रीन बेल्ट विकास एवं वृक्षारोपण कार्यों में विभिन्न संस्थाओं के सहयोग को सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श किया गया।
इन क्षेत्रों को भविष्य में पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।


