बलौदा बाजार

हाईटेक बस स्टैंड की जमीन को एसटीपी के लिए पुन: आबंटन का विरोध
21-Apr-2026 7:34 PM
हाईटेक बस स्टैंड की जमीन को एसटीपी के लिए पुन: आबंटन का विरोध

पूर्व नपाध्यक्ष सहित आमजनों ने दर्ज की आपत्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददात

बलौदाबाजार, 21 अप्रैल। ग्राम परसाभदेर स्थित शासकीय भूमि के आवंटन पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विक्रम पटेल और कई और प्रमुख लोगों नेे आपत्ति दर्ज कराई है। यह कहा गया है कि उक्त जमीन पर हाइटेक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन अब भू-उपयोग बदलकर एसटीपी बनाने की योजना है, जो कि गलत है।

नायब तहसीलदार के समक्ष आपत्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम परसाभदेर, तहसील बलौदाबाजार स्थित खसरा नंबर 513 की 0.720 हेक्टेयर भूमि को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा आबंटित करने की मांग की जा रही है। जबकि इसी खसरा नंबर की 1.200 हेक्टेयर भूमि पूर्व में ही इसी उद्देश्य के लिए आवंटित की जा चुकी है। यह आदेश कलेक्टर बलौदाबाजार द्वारा 30 जुलाई 2025 को पारित किया गया था।

आपत्तिकर्ताओं का कहना है कि एक ही संस्था को एक ही उद्देश्य के लिए बार-बार भूमि आवंटित किया जाना न्यायसंगत नहीं है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित अधिकारी द्वारा पूर्व में हुए आवंटन की जानकारी उच्च अधिकारियों से छिपाई जा रही है।

आपत्ति पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उक्त 0.720 हेक्टेयर भूमि पूर्व में हाईटेक बस स्टैंड निर्माण के लिए आरक्षित की गई थी। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में इसका उल्लेख भी किया गया है। ऐसे में इस भूमि के उपयोग में बदलाव कर एसटीपी के लिए आवंटन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

मामले में यह भी सामने आया है कि हाईटेक बस स्टैंड निर्माण के लिए ग्राम कुकुरदी में अन्य भूमि आवंटन की प्रक्रिया पहले से ही विचाराधीन है, जिस पर आम जनता द्वारा आपत्ति भी दर्ज कराई जा चुकी है और अंतिम निर्णय अभी लंबित है।

आपत्तिकर्ताओं ने आशंका जताई है कि यह एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है, जिसमें पहले भी हाईटेक बस स्टैंड को परसाभदेर से हटाकर कुकुरडीह स्थानांतरित करने का प्रयास किया गया था। वर्तमान में पनगांव में आबंटित हाईटेक बस स्टैंड की भूमि को बिना निरस्त किए एसटीपी हेतु आवंटन की मांग की जा रही है।

आपत्तिकर्ताओं के अनुसार, यदि ऐसा होता है तो बस स्टैंड के लिए केवल कुकुरडीह में ही भूमि उपलब्ध दर्शाई जाएगी, जिससे अंतत: बस स्टैंड को वहां शिफ्ट करने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

आपत्ति पत्र पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विक्रम पटेल, प्रवीण बंछोर, रविशंकर कंवर, विनय साहू, रमेश साहू, प्रखर वर्मा, संतोष गुप्ता, शरद पटेल, प्रशांत अग्रवाल, केश कुमार वर्मा, राजेश गुप्ता, विनय केसरवानी, मदन गोपाल साहू, राजू साहू, प्रदीप साहू, प्रमोद साहू सहित कुल 52 जागरूक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर अपनी आपत्ति लिखित रूप में दर्ज कराई है।

जनता ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त भूमि का एसटीपी के लिए पुन: आवंटन न किया जाए, क्योंकि इस उद्देश्य के लिए पहले ही पर्याप्त भूमि आवंटित की जा चुकी है।


अन्य पोस्ट