बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 अप्रैल। बलौदाबाजार से सिमगा मार्ग की खराब स्थिति के कारण आसपास के 15 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। रविवार सुबह ग्राम रिसदा में सडक़ पर सीमेंट निर्माण में उपयोग होने वाले क्लिंकर का चूड़ा गिरने से कई लोग फिसलकर गिर गए और कुछ लोग असंतुलित हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग पिछले दो वर्षों से नवीनीकरण की प्रतीक्षा में है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण स्थिति और खराब हो रही है। सडक़ की खराब स्थिति के चलते परिवहन के दौरान क्लिंकर, कोयला, जिप्सम और रेत जैसे पदार्थ सडक़ पर गिर रहे हैं, जिससे धूल और छोटे कण फैल रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से कोकड़ी, रिसदा, ढाबाडीह, सेमहराडीह, पडक़ीडीह, चडी, करही, सुहेला, हथबंद, नवापारा, बिटकुली, केसली और सितापार सहित अन्य गांवों के लोग प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सडक़ के नवीनीकरण की मांग की है और कहा है कि जल्द कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।


