बलौदा बाजार

सीबीएसई 10वीं में अंबुजा विद्यापीठ रवान का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम
17-Apr-2026 10:00 PM
सीबीएसई 10वीं में अंबुजा विद्यापीठ रवान का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 अप्रैल। अंबुजा विद्यापीठ, रवान ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के कक्षा 10वीं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सीबीएसई परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए। शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय के सभी 110 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

इस वर्ष विद्यालय की छात्रा निहारिका अग्रवाल ने 98.4 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अरमान साहू ने 97.8 फीसदी अंक के साथ द्वितीय स्थान तथा शानवी अग्रवाल ने 97.6 फीसदी अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों मेधावी विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय को गौरवान्वित किया है।

परिणामों के विश्लेषण में सामने आया कि 36 विद्यार्थियों ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 75 से 89 फीसदी के बीच 37 विद्यार्थियों ने अच्छे अंक हासिल किए, जबकि 60 से 74 फीसदी के बीच 33 विद्यार्थी रहे। केवल 4 विद्यार्थी ही 60 फीसदी से कम अंक प्राप्त कर पाए, जो विद्यालय के समग्र उच्च प्रदर्शन को दर्शाता है।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने इस उत्कृष्ट परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि 100 फीसदी परिणाम प्राप्त करना विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण का प्रमाण है।

उन्होंने टॉपर निहारिका अग्रवाल सहित सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि इन छात्रों ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है। साथ ही उन्होंने अन्य विद्यार्थियों के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि हर छात्र की उपलब्धि महत्वपूर्ण है।

प्राचार्य ने आगे कहा कि अंबुजा विद्यापीठ में शिक्षा केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।

अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी आत्मविश्वास और परिश्रम के साथ आगे बढ़ें और अपने जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करें।

 साथ ही उन्होंने अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया।

विद्यालय परिसर में इस उत्कृष्ट परिणाम को लेकर हर्ष और उत्साह का माहौल है। अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ अंबुजा विद्यापीठ, रवान ने एक बार फिर क्षेत्र के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है।


अन्य पोस्ट