बलौदा बाजार

पहली बार स्व-गणना, स्वयं ऑनलाइन जानकारी भरने की सुविधा
16-Apr-2026 6:21 PM
पहली बार स्व-गणना, स्वयं ऑनलाइन जानकारी भरने की सुविधा

कलेक्टर  ने भरा ऑनलाइन स्व गणना पत्रक

बलौदाबाजार,16 अप्रैल। जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार जिले में 16 अप्रैल से स्व गणना शुरू हो गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आज सुबह निर्धारित पोर्टल से अपना स्व गणना पत्रक ऑनलाइन भरा।

 कलेक्टर श्री शर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि जनगणना के लिये आने वाले प्रगणकों को बेझिझक सही-सही जानकारी दें। आपके द्वारा दी गई जानकारी पूर्णत: गोपनीय रहेगी। स्पष्ट प्रावधान है कि आपके द्वारा दी गई जानकारी का उपयोग साक्ष्य के रूप में स्वीकार नहीं होगा। जनगणना के आंकड़े किसी योजना के हितग्राहियों क़ी पात्रता के लिए नहीं बल्कि कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन कार्य के लिये आधार बनते हैं।

बताया गया कि शासन द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए आसान एवं सरल प्रक्रिया के तहत स्व गणना भरने की सहूलियत दी गई है। घर का मुखिया इस फार्म को भर सकते है। एक मोबाइल से केवल एक ही स्व गणना फार्म भरा जा सकता है। यह फॉर्म सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भरा जा सकता है। इससे एक आई डी प्राप्त होगा जिसे प्रगणक घर आने पर बताना होगा। यदि स्व गणना फॉर्म नहीं भर पाते तो 1 से 30 मई के बीच प्रगणक घर आकर जानकारी लेंगे।जिले में जनगणना के लिये 1996 प्रगणकों एवं 300 सुपरवाइजर क़ी ड्यूटी लगाई गई है।

 


अन्य पोस्ट