बलौदा बाजार

3 करोड़ के विकास कार्यों की मंजूरी
15-Apr-2026 7:44 PM
3 करोड़ के विकास कार्यों की मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 15 अप्रैल। नगर पालिका परिषद भाटापारा को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों के लिए 309.62 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बताया कि इस राशि से शहर में पेयजल, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

स्वीकृत कार्यों के अनुसार, शहर में 7.50 लाख लीटर क्षमता की आरसीसी पानी टंकी का निर्माण किया जाएगा, जिस पर 152.25 लाख रुपये व्यय होंगे। इसके अलावा, स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी के तहत 31 वार्डों में मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिसके लिए 100 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

शहर में ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ के निर्माण के लिए 37.45 लाख रुपये तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए एसएलआरएम सेंटर हेतु ट्रोमेल स्क्रीनिंग मशीन स्थापना के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इन कार्यों से शहर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।


अन्य पोस्ट