बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 12 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष रहे भागवत थवाईत को गंभीर आरोपों के बाद उनके पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है।
ग्राम पंचायत कटगी में हाल ही में हुई घटनाओं के बाद थवाईत पर दबंगई, अवैध शराब कारोबार और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर त्वरित निर्णय लेते हुए उन्हें पद से हटा दिया।
पुलिस के अनुसार, भागवत थवाईत वर्तमान में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बलौदाबाजार पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
ग्रामीणों से मारपीट और उपद्रव के आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बीते दिनों थवाईत ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव में मारपीट की और दहशत फैलाने की कोशिश की। कटगी के सर्वा मोड़ के पास भी उपद्रव और हंगामे की घटनाएं सामने आईं। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब रात के समय फिर से विवाद की खबरें सामने आईं।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए ग्राम पंचायत कटगी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, 8 अप्रैल की रात आरोपी और उसके पिता ने कथित रूप से गांव में हथियार लहराकर दहशत फैलाने का प्रयास किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के पिता को पकडक़र पुलिस के हवाले कर दिया।