बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 12 अप्रैल। किराए के मकान के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को बलौदाबाजार पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले से गिरफ्तार किया है। मामले में पीडि़ता से कुल 2.21 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया ने मुंबई स्थित अपने मकान को किराए पर देने के लिए ऑनलाइन विज्ञापन जारी किया था। इसी दौरान एक युवक ने खुद को किरायेदार बताकर संपर्क किया और भरोसा जीतते हुए जल्द मकान फाइनल करने की बात कही। आरोपी ने डिपॉजिट के नाम पर रकम जमा कराने का झांसा दिया।
आरोपी की बातों में आकर प्रार्थिया ने 25 जुलाई 2025 को अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2,21,980 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम जमा करने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे ठगी का मामला सामने आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी लखेश केवट के नेतृत्व में साइबर सेल के सहयोग से मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल ट्रेल का विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए राजस्थान के अलवर जिले में दबिश देकर आरोपी ताहिर खान निवासी पीपलखेड़ा, थाना बड़ौदा मेव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए डिपॉजिट मनी के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ऑनलाइन विज्ञापन खोजता था, फिर मकान मालिक से संपर्क कर विश्वास कायम करता और डिपॉजिट के नाम पर रकम ट्रांसफर करवा लेता था। यह तरीका हाल के समय में साइबर अपराधियों के बीच तेजी से बढ़ रहा है।
थाना प्रभारी *लखेश केवट* ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेनदेन करते समय सतर्क रहें और बिना सत्यापन के किसी भी अज्ञात व्यक्ति या खाते में पैसा ट्रांसफर न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।