बलौदा बाजार
भाटापारा, 10 अप्रैल। अधिवक्ता संघ भाटापारा ने नवनियुक्त व्यवहार न्यायाधीश रिद्धि का आत्मीय स्वागत किया। यह कार्यक्रम न्यायालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। गौरतलब है कि पूर्व व्यवहार न्यायाधीश अंकिता अग्रवाल के स्थानांतरण के बाद रिद्धि ने पदभार ग्रहण किया है। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने स्वागत भाषण में कहा कि नई न्यायाधीश के आगमन से न्यायालय की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में न्यायिक कार्यों का निष्पादन प्रभावी ढंग से होगा। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर नवनियुक्त न्यायाधीश का स्वागत किया गया। इस अवसर पर रिद्धि ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे निष्पक्ष एवं त्वरित न्याय प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार जायसवाल, वरिष्ठ अधिवक्ता सुकृत साहू, आर.एस. वर्मा सहित अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव नरेंद्र यदु ने किया। इस संबंध में जानकारी अधिवक्ता संघ के मीडिया प्रभारी लाकेश कुमार वर्मा द्वारा दी गई।


