बलौदा बाजार

10 को फिर से होगी 12वीं हिंदी की परीक्षा
06-Apr-2026 4:30 PM
10 को फिर से होगी 12वीं हिंदी की परीक्षा

बलौदाबाजार, 6 अप्रैल। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 12वीं हिंदी विषय की परीक्षा प्रश्नपत्र के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रद्द कर दी गई थी। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।

इस निर्णय के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे जेईई, नीट तथा अन्य प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों पर प्रभाव पडऩे की बात सामने आई है। कुछ विद्यार्थी कोचिंग के लिए कोटा और दिल्ली जैसे शहरों में हैं, जिन्हें पुन: परीक्षा के लिए लौटना पड़ सकता है।

विद्यार्थियों ने इस निर्णय को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। छात्र राजेश, नेहा सहित अन्य ने कहा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद वे आगे की तैयारी में लग गए थे, लेकिन अब दोबारा परीक्षा देने के कारण उन्हें पुन: तैयारी करनी होगी। कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि पहली परीक्षा में उनके प्रदर्शन को दोहराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे के अनुसार, बलौदाबाजार जिले में 14 मार्च को आयोजित हिंदी परीक्षा में 10,936 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 10,787 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। पुन: परीक्षा के लिए 113 केंद्र बनाए गए हैं। इस बार हाई स्कूलों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा और गोपनीय सामग्री का वितरण सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2006 में भी इसी विषय का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा रद्द कर पुन: आयोजित की गई थी।

मनोविज्ञान विभाग, डीके कॉलेज बलौदाबाजार की डॉ. मंजू अग्रवाल ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों का छात्रों की मानसिक स्थिति पर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अनिश्चितता की स्थिति को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।


अन्य पोस्ट