बलौदा बाजार
भाजपा का दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 5 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत विधानसभा क्षेत्र के निपनिया एवं कौशलपुर मंडलों में दो दिवसीय कार्यशालाएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम ग्राम गुडेलिया और कोलिहा में संपन्न हुआ। वक्ताओं ने विचारधारा, अनुशासन एवं संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। वक्ताओं ने संगठन को सशक्त बनाने, अनुशासन बनाए रखने और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने एकात्म मानववाद के विषय पर विचार रखते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं और लक्ष्यों का उल्लेख किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक संगठन होने के साथ-साथ राष्ट्र सेवा का माध्यम है, जिसमें कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर आनंद यादव, राकेश तिवारी, प्रमोद शर्मा, सुनील यदु, आशीष जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


