बलौदा बाजार
कसडोल में 3 दिनी आदिवासी कंवर पैकरा समाज का वार्षिक सम्मेलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 4 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत नारायणपुर धाम कसडोल में 3 दिवसीय आदिवासी कंवर पैकरा समाज का वार्षिक महासम्मेलन का आयोजन 31 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित किया गया।
इस अवसर पर आदिवासी समाज के द्वारा 3 जोड़ों का विवाह कराया गया, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आदिवासी संस्कृति को नृत्य एवं विभिन्न गीतों के माध्यम से सुन्दर तरीके से प्रस्तुत किया गया। महासम्मेलन में कई सामाजिक मुदेदों पर विस्तृत चर्चा की गई और कई सामाजिक कमियों को दूर करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल उपस्थित हुर्इं। उन्होंने आदिवासी समाज की एकजुटता की प्रशंसा की और कहा कि हमारे आदिवासी भाई एवं बहनों की संस्कृति एवं रीति रिवाज हमारे छत्तीसगढ़ की धरोहर है। इनकी यही संस्कृति हमारे छत्तीसगढ़ को विश्व स्तर पर एक अलग पहचान दिलाती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने आदिवासी समाज के लोगों को ऐसे ही एकजुट कार्य करने की प्रेरणा दी और सभी को नशे से मुक्त रहकर एक अच्छा जीवन जीने का सलाह दी। साथ ही समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रथम नेता प्रतिपक्ष नंद कुमार साय , जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, मोरध्वज पैकरा एवं आदिवासी समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य सामाजिक भाई बंधु उपस्थित रहे।


