बलौदा बाजार

संघ के शताब्दी वर्ष पर प्रमुख जन गोष्ठी, राष्ट्र निर्माण के संकल्पों पर मंथन
04-Apr-2026 3:21 PM
संघ के शताब्दी वर्ष पर प्रमुख जन गोष्ठी, राष्ट्र निर्माण के संकल्पों पर मंथन

बलौदाबाजार, 3 अप्रैल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कोकड़ी रोड स्थित वर्मा सामुदायिक भवन में मंगलवार को प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख जनों एवं मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस दौरान संघ के विचार, कार्यपद्धति और आगामी संकल्पों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ प्रांत के संघचालक टोपलाल वर्मा रहे। अध्यक्षता जिला संघचालक गणेश देवांगन ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर परिचय कार्यक्रम के सहयोग रूद्र कुमार चंद्रवंशी ने कराया। प्रस्तावना रखते हुए जिला कार्यवाह शालीन साहू ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। वहीं अध्यक्षीय उद्बोधन में गणेश देवांगन ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों के सामूहिक प्रयास से ही राष्ट्र सशक्त बनता है। संघ इन प्रयासों के बीच समन्वय सेतु का कार्य कर रहा है जिससे राष्ट्र को पुन: परम वैभव की ओर ले जाया जा सके। मुख्य वक्ता टोपलाल वर्मा ने अपने संबोधन में संघ की 100 वर्षों की यात्रा, उसके मूल उद्देश्य और वर्तमान भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन स्थापित संघ आज विश्व का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन बन चुका है जिसका आधार व्यक्ति निर्माण और समाज संगठन है।

उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि शाखा पद्धति के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित किए जाते हैं। यही कारण है कि संघ के स्वयंसेवक हर परिस्थिति में समाज सेवा के लिए तत्पर रहते हैं।

 श्री वर्मा ने बताया कि वर्तमान में देशभर में संघ के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वावलंबन से जुड़े हजारों सेवा कार्य संचालित हो रहे हैं। उन्होंने शताब्दी वर्ष के अवसर पर निर्धारित ‘पंच परिवर्तन’ सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व-आधारित जीवन और नागरिक कर्तव्यबोध पर विशेष जोर देते हुए समाज से इन्हें अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में संयोजक दीपक पटेल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट