बलौदा बाजार
उपलब्धि हासिल करने वाला जिले का पहला सीएचसी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 3 अप्रैल। बलौदाबाजार-भाटापार जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा ने भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र हासिल किया है। यह उपलब्धि प्राप्त करने वाला जिले का पहला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बन गया है।
अस्पताल की आंतरिक मूल्यांकन 16 एवं 17 जनवरी तथा पुन: आंतरिक मूल्यांकन 27 एवं 28 फरवरी को भारत सरकार द्वारा किया गया जिसमें सिमगा अस्पताल को 87 प्रतिशत् अंको के साथ राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक का प्रमाण पत्र दिया गया। मूल्यांकन अंतर्गत अस्पताल ने 8 विभागों आपातकालीन एवं ट्रॉमा विभाग,स्टाफ सेवा, अस्पताल प्रशासन,आंतरिक रोगी विभाग, प्रयोगशाला, लैब,प्रसव,बाह्य रोगी विभाग, औषधालय जैसे विभागों में भाग लिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिमगा में इन सभी मानको को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार किए गये हैं। अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था, रिकार्ड संधारण, दवा वितरण प्रणाली, लेबर रूम एवं ओ.पी.डी सेवाओं को बेहतर बनाया गया है। साथ ही मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मागदर्शन एंव समस्त स्टाफ के सहयोग से यह तैयारी सम्भव हो पायी है। सर्टिफिकेशन प्राप्त होने से न केवल अस्पताल के गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर एवं विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाए भी प्राप्त होगी। खण्ड चिकित्सा अधिकारी द्वारा बताया गया कि इस उपलिब्ध की तैयारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बलौदाबाजार डॉ.राजेश कुमार अवस्थी के सतत् मार्गदर्शन एवं निगरानी में अस्पताल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा माह अगस्त 2024 से किया जा रहा था।
जिसका मूल्यांकन जनवरी एवं फरवरी 2026 में किया गया।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) भारत सरकार द्वारा लागू एक गुणवत्ता मानक है, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थाओं का मूल्यांकन मरीजों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवाओं की उपलब्धता, स्टॉफ दक्षता तथा मरीज संतुष्टि जैसे प्रमुख सूचकांकों पर किया जाता है।


