बलौदा बाजार
भाटापारा, 3 अप्रैल। भाटापारा में रेलवे स्टेशन क्षेत्र सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर घुमंतु बच्चों की स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इन स्थानों पर बच्चों के भीख मांगने, सडक़ों पर रहने और शिक्षा से दूर रहने जैसी स्थितियां देखी जा रही हैं।
इस संबंध में नगर की संस्था सरयू साहित्य परिषद एवं अन्य नागरिकों द्वारा पहल करते हुए ‘दस्तक अभियान’ शुरू किया गया है। अभियान के तहत घुमंतु बच्चों के लिए भाटापारा में बाल धाम और प्रेरणा केंद्र स्थापित करने की मांग की गई है। अभियान के अंतर्गत प्रमुख सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, कलेक्टर, बाल कल्याण समिति, पुलिस अधीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, शहर एवं ग्रामीण थाना प्रभारी तथा रेलवे स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई गई है। दस्तक अभियान की शुरुआत शहर थाना प्रभारी अमित पाटले को ज्ञापन सौंपकर की गई। इस दौरान घुमंतु बच्चों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने इस दिशा में आवश्यक सहयोग की बात कही।
इस अवसर पर मुकेश शर्मा, श्याम पुरोहित, शंकरलाल सोनी, गिरधर गोपाल शर्मा, डॉ. वाय.पी. सोनी, भानू प्रकाश, मानिक प्रसाद और मोनू दुबे उपस्थित रहे।