बलौदा बाजार

आर्थिक कुप्रबंधन व कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई बढ़ रही है-सुमित्रा
03-Apr-2026 3:09 PM
आर्थिक कुप्रबंधन व कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई बढ़ रही है-सुमित्रा

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 3 अप्रैल। बलौदाबाजार जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन एवं कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है।

उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में लगभग 195 की वृद्धि की गई है। पिछले तीन महीनों में इसकी कीमतों में करीब 525 तक बढ़ोतरी हुई है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 62 की वृद्धि का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कहा कि एक्साइज ड्यूटी में कमी के बावजूद विभिन्न राज्यों में कीमतों में वृद्धि दर्ज की जा रही है। एवीएशन फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया गया। खाद्य तेल, दूध, मावा सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल की कीमतें पहले की तुलना में बढ़ी हैं और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 900-1000 तक पहुंच चुकी है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार का उल्लेख करते हुए मनरेगा योजना के तहत रोजगार गारंटी की बात कही और वर्तमान स्थिति पर टिप्पणी की। कांग्रेस द्वारा यह भी कहा गया कि विभिन्न क्षेत्रों में खर्च बढ़ा है, जिसमें रेलवे टिकट, शिक्षा शुल्क और बैंक सेवाएं शामिल हैं।

अंत में कहा गया कि महंगाई को लेकर स्थिति गंभीर है और यदि आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी द्वारा आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सेन, नीरज बांधे सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट