बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 2 अप्रैल। नशे में वाहन चलाकर स्कूटी सवारों को दुर्घटनाग्रस्त करने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मर्ग जांच, पंचनामा और गवाहों के बयान के आधार पर यह पाया गया कि 29 मार्च को पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 25 एन 3609 के चालक विजय कुमार वर्मा ने शराब के नशे में वाहन चलाते हुए रॉन्ग साइड में जाकर अमित धर्मकांटा, भाटापारा के पास स्कूटी क्रमांक सीजी 12 बीएस 4348 को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी के पीछे बैठे रोहित भोई को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। वहीं आयुष साहू को सिर, कमर और हाथ में चोटें आई हैं। मामले में भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना भाटापारा शहर पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान आरोपी विजय कुमार वर्मा कटई, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नशे की स्थिति में वाहन रॉन्ग साइड में चलाया, जिससे दुर्घटना हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।