बलौदा बाजार

24 घंटे में बदला तापमान, रात में भी गर्मी का एहसास
30-Mar-2026 4:59 PM
24 घंटे में बदला तापमान, रात में भी गर्मी का एहसास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 30 मार्च। बलौदाबाजार जिले में एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बीते दो दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से छाए बादलों और हल्की बारिश के कारण लोगों को राहत मिली थी, लेकिन जैसे ही इसका असर समाप्त हुआ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी हैं। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से अधिक हैं।

वहीं न्यूनतम तापमान भी 23.7 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे रात के समय भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म हवाओं ने तापमान में वृद्धि को और तेज कर दिया हैं। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में या बढ़ोतरी जारी रह सकती है जिससे गर्मी और अधिक तीव्र हो सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एन पी थॉमस के मुताबिक हाल ही में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जिले में बारिश हुई थी जिससे वातावरण में नमी बढ़ गई थी। इसी वजह से दिन का तापमान गिरकर करीब 34 डिग्री तक पहुंच गया था और रात का तापमान भी 19 डिग्री तक नीचे आ गया था। लेकिन अब विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ गया है और नमी खत्म होने लगी है जिससे गर्म हवाएं फिर सक्रिय हो गई हैं।

उन्होंने बताया कि दोपहर बाद गर्म हवा के ऊपर उठने के कारण कुछ स्थानों पर बादल छा सकते हैं और तेज हवा चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या आंधी की भी संभावना बनी हुई हैं। हालांकि यह राहत अस्थाई होगी और समग्र रूप से तापमान में वृद्धि का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस महीने अब तक चार से पांच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुके हैं, जिससे बीच-बीच में मौसम में बदलाव देखने को मिला। लेकिन अब गर्मी का मौसम तेजी से आगे बढ़ रहा है और अप्रैल माह के साथ वातावरण अधिक शुष्क होने लगेगा।

वैज्ञानिकों का अनुमान है की हवा के पैटर्न में बदलाव और तेज धूप के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती हैं। इसके अलावा अप्रैल के पहले सप्ताह में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। जिससे मौसम में फिर अस्थायी परिवर्तन संभव हैं।


अन्य पोस्ट