बलौदा बाजार

रामनवमी धूमधाम से मनाई, बाइक रैली निकली
30-Mar-2026 4:58 PM
रामनवमी धूमधाम से मनाई, बाइक रैली निकली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 30 मार्च।  रामनवमी के पावन अवसर पर शहर पूर्णत: राममय हो उठा। भगवान राम की भव्य आरती के बाद निकाली गई विशाल बाइक रैली ने पूरे नगर को श्रद्धा,  उत्साह और भक्ति के रंग में रंग दिया।

सैकड़ों की संख्या में शामिल राम भक्तों ने जय श्री राम के उद्घोष के साथ पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय बना दिया। शनिवार शाम लगभग 7 बजे अंबेडकर चौक से पूजन, कीर्तन और आरती के पश्चात बाइक रैली की शुरुआत हुई। डीजे पर बज रहे मंगल गीतों और जय श्रीराम के नारों के बीच रैली मुख्य मार्ग से होते हुए बजरंग चौक, गांधी चौक, नेहरू चौक, नया बस स्टैंड, गार्डन चौक और कचहरी चौक सहित पूरे नगर का भ्रमण करती रही। मार्ग के दोनों और श्रद्धालु इस भव्य आयोजन का स्वागत करते नजर आए।

रैली में शामिल युवाओं और श्रद्धालुओं ने हाथों में भगवा ध्वज थामें और सर पर भगवा वस्त्र व पगड़ी धारण कर अपनी आस्था का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता और धार्मिक उत्साह का अद्भुत सामान्य में देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों और सेवाभावी नागरिकों द्वारा जगह-जगह पानी, शरबत, छाछ और कोल्ड ड्रिंक के स्टॉल लगाकर रैली में शामिल लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई, जिसकी सभी ने सराहना की।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। करीब 50 से अधिक पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। एसपी ने स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों के ब्रीफ कर आवश्यक निर्देश दिए रैली से पहले पुलिस द्वारा रूट मार्च किया गया और पूरे नगर पर कड़ी निगरानी रखी गई। वर्दी और सादे कपड़ों में जवान तैनात रहे जिससे किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके। वहीं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रैली मार्ग पर पूर्व से ही बेरिकेटिंग कर दी थी। भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गो से भेजा गया, जिससे जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई। प्रशासन की सजकता के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


अन्य पोस्ट