बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 मार्च। बलौदाबाजार जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में संचालित शासकीय शराब दुकान में ओवररेटिंग और ग्राहक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
जानकारी के अनुसार, हथबंद स्थित कंपोजिट शराब दुकान में एक ग्राहक शराब खरीदने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड) की निर्धारित कीमत 120 रुपये प्रति पाव है, लेकिन दुकान के कर्मचारियों द्वारा 130 रुपये वसूले जा रहे थे।
जब ग्राहक ने अतिरिक्त राशि देने का विरोध किया और इसका वीडियो बनाना शुरू किया, तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि दुकान के सेल्समैन और अन्य कर्मचारियों ने ग्राहक के साथ डंडे से मारपीट की, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामला और तूल पकड़ता जा रहा है।
हालांकि पीडि़त द्वारा अब तक थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वायरल वीडियो के चलते प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शराब की कीमतों में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है। ऐसे में अतिरिक्त राशि वसूली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और अवैध वसूली की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि कलेक्टर द्वारा पहले ही सभी शासकीय शराब दुकानों को निर्धारित दर पर ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।