बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 मार्च। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 10 अप्रैल से शुरू होगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं 5 मई तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में लोक शिक्षा संचालनालय द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
जारी जानकारी के अनुसार, निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर विद्यार्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। लॉटरी प्रक्रिया 6 मई से 10 मई के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश से संबंधित औपचारिकताएं 11 मई से 15 मई तक पूरी की जाएंगी।
सह-शिक्षा वाले विद्यालयों में कुल सीटों का 50 प्रतिशत हिस्सा छात्रों (बालकों) के लिए आरक्षित रखा गया है। यदि किसी विद्यालय में छात्राओं के पर्याप्त आवेदन प्राप्त नहीं होते हैं, तो संबंधित सीटों को अन्य अभ्यर्थियों से भरा जा सकेगा। आयु सीमा के अनुसार कक्षा पहली में प्रवेश के लिए 31 मई 2026 तक छात्र की न्यूनतम आयु 5 वर्ष 6 माह निर्धारित की गई है।
वहीं, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश के लिए पुन: आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
प्रवेश प्रक्रिया में महतारी दुलार योजना के अंतर्गत अनाथ एवं बीपीएल श्रेणी के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। साथ ही अंग्रेजी माध्यम में पूर्व से अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने का प्रावधान भी रखा गया है।
जिले में वर्तमान में 25 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 15 विद्यालय हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों में, एक विद्यालय केवल अंग्रेजी माध्यम में तथा 9 विद्यालय केवल हिंदी माध्यम में संचालित हैं। प्रत्येक विद्यालय में औसतन 40 से 50 सीटें उपलब्ध हैं।
निर्देशानुसार प्रत्येक विद्यार्थी केवल एक ही विद्यालय में आवेदन कर सकेगा। प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम स्वीकृति कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा दी जाएगी।
इसी के साथ, मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन में त्रुटि सुधार 18 से 21 अप्रैल तक किया जा सकेगा, जबकि प्राक्चयन परीक्षा 10 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।