बलौदा बाजार

डिजिटल साक्ष्यों पर पुलिस का प्रशिक्षण, मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर
29-Mar-2026 8:28 PM
डिजिटल साक्ष्यों पर पुलिस का प्रशिक्षण, मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 29 मार्च। जिले में पुलिस विभाग द्वारा अभियोजन अधिकारियों एवं न्यायालयीन स्टाफ के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को ई-साक्ष्य (डिजिटल साक्ष्य) और ई-समंस जैसी प्रक्रियाओं के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित करना रहा।

प्रशिक्षण में बताया गया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत डिजिटल साक्ष्यों का महत्व बढ़ गया है। मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल, लोकेशन और सोशल मीडिया से संबंधित जानकारी अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। अधिकारियों को इन साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण और प्रस्तुतिकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

विशेषज्ञों ने बताया कि यदि डिजिटल साक्ष्यों को सही तरीके से संकलित और सुरक्षित रखा जाए, तो न्यायालय में मामलों को साबित करने में सहायता मिलती है और सुनवाई की प्रक्रिया तेज हो सकती है।

ई-समंस प्रणाली के संबंध में भी जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से समंस जारी करने की प्रक्रिया को अधिक तेज और पारदर्शी बनाया जा सकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संबंधित व्यक्तियों की डिजिटल जानकारी सही ढंग से दर्ज की जाए, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें ई-साक्ष्य अपलोड करने, ई-समंस जारी करने और डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की प्रक्रिया समझाई गई।

जिला पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों का स्वरूप तकनीकी होता जा रहा है, ऐसे में पुलिस और अभियोजन तंत्र का डिजिटल रूप से सक्षम होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, अभियोजन से जुड़े प्रतिनिधि, न्यायालयीन कर्मचारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट