बलौदा बाजार

आस्था, भक्ति और सेवा का संगम ही हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है-नपाध्यक्ष
27-Mar-2026 11:16 PM
आस्था, भक्ति और सेवा का संगम ही हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है-नपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 27 मार्च। चैत्र नवरात्रि की नवमी पर नगर में धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर नगर सहित ग्राम खोखली में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।

नपाध्यक्ष ने कहा कि आस्था, भक्ति और सेवा का संगम ही हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है, जो समाज को एकता और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ता है।

ग्राम खोखली में आयोजित सार्वजनिक जोत-जवारा विसर्जन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए। भक्तों ने विधि-विधान से माँ दुर्गा की आराधना कर जोत-जवारा का विसर्जन किया। साथ ही नगर के विभिन्न घरों में विराजित जोत-जवारा का दर्शन-पूजन कर श्रद्धालुओं ने माँ की असीम कृपा प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त किया।

नगर के विभिन्न वार्डों में आयोजित जवारा विसर्जन कार्यक्रमों में भी श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता रही। इस दौरान जय माता दी के जयकारों, ढोल-नगाड़ों की गूंज एवं भक्ति संगीत से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा और एक दिव्य आध्यात्मिक माहौल निर्मित हुआ। जवारा विसर्जन के अवसर पर महावीर वार्ड की पार्षद दीपा दशरथ साहू के साथ श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी वितरण कर सेवा कार्य भी संपन्न किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि चैत्र नवरात्रि का पर्व हमारी आस्था, संस्कृति एवं परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व हमें शक्ति, संयम और सेवा का संदेश देता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारा सुदृढ़ होता है। उन्होंने माँ जगदम्बा से समस्त नगरवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना करते हुए सभी नागरिकों से समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।


अन्य पोस्ट