बलौदा बाजार
सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार, प्लेसमेंट एजेंसी के खिलाफ भी होगी कार्रवाई-एसपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 25 मार्च। बलौदाबाजार स्थित अडानी अंबुजा सीमेंट संयंत्र में एक बच्चे के साथ सुरक्षा गार्ड द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, संयंत्र परिसर में आम तोडऩे गए 8 वर्षीय बच्चे को सुरक्षा कर्मी ने पकडक़र मारपीट की। घटना में बच्चा घायल हो गया, जिसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद परिजन बच्चे को लेकर बलौदाबाजार थाने पहुंचे और संबंधित सुरक्षा गार्डों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। परिजनों का आरोप है कि इस घटना में दो अन्य सुरक्षा कर्मी भी शामिल थे और सभी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले को लेकर क्षेत्र में प्रतिक्रिया देखी जा रही है। पीडि़त दिलेश्वर से साहू समाज के लोग अस्पताल पहुंचे। विधायक संदीप साहू ने भी अस्पताल जाकर परिवार से मुलाकात की और पुलिस व जिला प्रशासन से जानकारी ली।
साहू समाज के जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रबंधन के दबाव में सुरक्षाकर्मियों ने यह कृत्य किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि मामले को दबाने के लिए परिजनों पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। वहीं, पीडि़त बच्चे के परिजनों ने आरोप लगाया कि उन पर प्रलोभन, दबाव और धमकी दी जा रही है। उन्होंने ग्राम रवान के उप सरपंच और एक अन्य व्यक्ति पर धमकी देने का आरोप लगाया, साथ ही एक क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य पर एक लाख रुपये लेकर मामला वापस लेने का आरोप भी लगाया।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एक सुरक्षा कर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। संबंधित गार्ड प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से नियुक्त था और एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रबंधन ने जताया खेद
अंबुजा सीमेंट प्लांट में नाबालिग बच्चे के साथ हुई मारपीट की घटना पर कंपनी गहरा खेद व्यक्त करती है। अंबुजा सीमेंट प्लांट, रावन बलौदाबाज़ार प्रबंधन ने कहा है कि इस तरह की घटना हमारी कार्यप्रणाली और मूल्यों के अनुरूप नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही प्लांट प्रबंधन ने संबंधित सुरक्षा एजेंसी का अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) निरस्त कर दिया तथा घटना से संबंधित गार्ड के विरुद्ध प्राथमिकी हेतु आवेदन दिया गया, हालांकि पुलिस द्वारा पूर्व में ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी थी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बच्चे का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। प्लांट प्रबंधन बच्चे को आवश्यक मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है।
अंबुजा सीमेंट समुदाय के साथ अपने संबंधों को महत्व देती है और सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


