बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 25 मार्च। नगर पालिका भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने नगर के नागरिकों से अपील की है कि वे वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पूर्व अपने समस्त बकाया राजस्व (संपत्ति कर, जल कर, दुकान किराया व अन्य शुल्क) का भुगतान कर शहर के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। राजस्व वसूली के लक्ष्य को प्राप्त करने और नागरिकों की सुविधा के लिए नगर पालिका द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अंतिम तिथि: समस्त करों का भुगतान 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से किया जा सकता है। कार्यालय समय नागरिक कार्यदिवसों में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक नगर पालिका कार्यालय की राजस्व शाखा में सीधे कर जमा कर सकते हैं। वार्ड स्तर पर सुविधा: दोपहर 3 बजे के बाद नागरिक अपने संबंधित वार्ड के सहायक राजस्व निरीक्षक से संपर्क कर चेक या नगद के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। अवकाश में भी कार्य: वित्तीय वर्ष की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए, नागरिकों की सुविधा हेतु नगर पालिका का राजस्व विभाग शनिवार एवं रविवार को भी खुला रहेगा, ताकि नौकरीपेशा और व्यवसायी वर्ग आसानी से अपना कर जमा कर सकें।
अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का संदेश
नगर का विकास हमारे द्वारा दिए गए करों पर निर्भर करता है। मैं सभी भाटापारा वासियों से निवेदन करता हूँ कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय पर अपना राजस्व जमा करें और किसी भी प्रकार की शास्ति (पेनल्टी) से बचें। आपकी सुविधा के लिए हमारी टीम छुट्टियों में भी आपकी सेवा के लिए उपलब्ध है। नगर पालिका प्रशासन ने सभी करदाताओं से अनुरोध किया है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।