बलौदा बाजार
तटबंध और पुल निर्माण की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 मार्च। पलारी विकासखंड के ग्राम मोहन में महानदी के किनारे हो रहे कटाव से भूमि प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले वर्षों में खेतों की जमीन नदी में समाती रही है और नदी का बहाव गांव की ओर बढ़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बीते 25 वर्षों में करीब 35 एकड़ उपजाऊ जमीन नदी में समा चुकी है और अब हालात यह है की नदी और गांव के बीच की दूरी घटकर महल 90 मीटर रह गई हैं। हर साल नदी का बहाव मिट्टी को काटते हुए गांव की ओर बढ़ रहा हैं, जिससे ग्रामीणों में डर और सुरक्षा लगातार बढ़ती जा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले नदी और गांव के बीच अधिक दूरी थी, जो समय के साथ कम हुई है। उनका यह भी कहना है कि सामान्य और बाढ़ के दौरान कटाव की गति अलग-अलग रहती है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। पूर्व सरपंच फिरता राम नेताम ने तटबंध निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इस संबंध में लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रेत खनन से कटाव बढ़ सकता है। इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी अवधेश बारिक ने बताया कि क्षेत्र में रेत घाट की प्रक्रिया पूरी की गई है और आगे जनसुनवाई की जाएगी। तटबंध निर्माण को लेकर पूर्व में घोषणाएं की गई थीं। स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
ग्रामीणों ने अमेठी क्षेत्र में प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं होने की बात भी कही है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान आसपास के गांवों का संपर्क प्रभावित होता है।
जल संसाधन विभाग के ईई एस.के. भदोरिया ने बताया कि तटबंध और पुल निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है तथा बजट में शामिल होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।


