बलौदा बाजार

निर्माण कार्यों के कारण खेल मैदान बदहाल
23-Mar-2026 4:29 PM
निर्माण कार्यों के कारण खेल मैदान बदहाल

खिलाडिय़ों ने खुद राशि एकत्र कर समतलीकरण शुरू किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 23 मार्च। जिला मुख्यालय के डीके महाविद्यालय के पीछे स्थित खेल मैदान में पिछले कुछ माह से हो रहे निर्माण कार्यों के कारण मैदान पूरी तरह से उखड़ चुका हैं। यह मैदान शहर के युवाओं के लिए एक मुख्य खेल स्थान था, जहां क्रिकेट, वॉलीबॉल, हॉकी और अन्य खेल गतिविधियां होती थी। लेकिन हालिया निर्माण कार्य और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण मैदान की हालत बेहद खराब हो गई हैं।

खिलाडिय़ों द्वारा लंबे समय से इस मैदान के समतलीकरण की मांग की जा रही थी। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई पहल न किए जाने से निराश होकर खिलाडिय़ों ने अब स्वयं वापस में राशि एकत्र कर समतलीकरण का कार्य शुरू कर दिया हैं।

खिलाडिय़ों का दृढ़ संकल्प

खिलाडिय़ों ने ‘छत्तीसगढ़’ से बातचीत में बताया कि जब तक जिम्मेदार लोग ध्यान नहीं देंगे वे खुद ही इस मैदान को ठीक करने का प्रयास करेंगे। इस मैदान के समतलीकरण का कार्य शुरू होने के बाद युवाओं ने कहा कि जल्द ही इसे पूर्ववत बनाकर यहां फिर से क्रिकेट और अन्य खेलों की प्रैक्टिस शुरू करेंगे। यह स्थिति दर्शाती है कि यदि सरकार और स्थानीय प्रशासन किसी समस्या पर ध्यान नहीं देंगे तो सामान्य लोग अपनी मेहनत और श्रम से उसे हल करने की क्षमता रखते हैं। खिलाडिय़ों ने दिखा दिया है कि उनके पास भी समाज के लिए कुछ करने का हौसला और सामर्थय हैं।

खेल का बढ़ावा देने का दावा

चाहे राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया और अन्य क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन करता हो लेकिन बलौदाबाजार जैसे नगर में खेल गतिविधियों का भविष्य गंभीर खतरे में हैं। इंडोर खेलों तक सीमित होते जा रहे इन आयोजनों से यह स्पष्ट है कि मैदाने की दुर्दशा ने युवाओं के खेलने के अवसरों को सीमित कर दिया हैं।

 

खेलों पर बढ़ता संकट

बलौदाबाजार में खेल गतिविधियों का भविष्य खतरे में नजर आ रहा हैं। कुछ वर्ष पहले तक यह नगर खेल मैदानों के लिए प्रसिद्ध था, लेकिन अब दशहरा मैदान, हाई स्कूल, और डीके कॉलेज के पीछे का मैदान ज्यादातर निर्माण कार्यों के कारण टूट-फूट और अवैध कब्जे का शिकार हो चुके हैं। दशहरा मैदान को पार्किंग स्थल बना दिया गया है और हाई स्कूल मैदान में मुरम और गिट्टी बिछाने के कारण यह खेलने के लायक नहीं बचा है।


अन्य पोस्ट