बलौदा बाजार

चोरी के शक में सुरक्षा गार्डों पर बालक की पिटाई का आरोप, एक हिरासत में, अन्य की तलाश
23-Mar-2026 4:28 PM
चोरी के शक में सुरक्षा गार्डों पर बालक की पिटाई का आरोप, एक हिरासत में, अन्य की तलाश

सीमेंट फैक्ट्री परिसर की दीवार के पास आम तोडऩे गया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 23 मार्च। रवान स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में 12 वर्षीय बालक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के सुरक्षा गार्डों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक आम तोडऩे के लिए फैक्ट्री परिसर की दीवार के पास गया था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की, जिससे वह अचेत हो गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।

परिजनों के अनुसार, बालक को बाद में उसके भाई द्वारा घर ले जाया गया। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में शिकायत न करने के लिए दबाव बनाया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग बालक के घर पहुंचे और प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, बालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है। थाना परिसर में विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रही।


अन्य पोस्ट